UP : बिजली दरों मे कमी होने से उपभोक्ताओं को होगा 141.20 करोड़ का लाभ
लखनऊ, अमृत विचार : पावर कॉरपोरेशन द्वारा फरवरी में विद्युत उपभोक्ताओं से की गई दस फीसदी की अतिरिक्त वसूली के मामले में बड़ी राहत की खबर है। प्रदेश भर से वसूला गया करीब 141 करोड़ रुपए अब उपभोक्ताओं को वापस दिया जाएगा।
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य सलाहकार समिति के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि फरवरी-26 माह में विभाग ने उपभोक्ताओं से 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार वसूल किया था। इसके खिलाफ उपभोक्ता परिषद ने उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग में जोरदार विरोध दर्ज किया था। परिणाम यह रहा कि विभाग बैकफुट पर आ गया। इसके चलते मार्च- 26 में 2.42 प्रतिशत बिजली दर में कमी कर दी गई। इसके चलते फरवरी में वसूला गया दस फीसदी अधिक धन उपभोक्ताओं को वापस मिल जाएगा।
परिषद के अध्यक्ष ने बताया कि ईंधन अधिभार शुल्क के मामले में एक नया मामला और सामने आया है। वर्ष 2025-26 के लिए विद्युत नियामक आयोग द्वारा औसत बिलिंग दर रुपया 6.36 प्रति यूनिट तय की गई थी। लेकिन नियामक आयोग ने टेरिफ का आदेश लेट से निकाला। उधर पावर कॉरपोरेशन पुराना औसत बिलिंग दर के हिसाब से ही ईंधन अधिकार शुल्क निकलता रहा। इसमें भी करोड़ों रुपया उपभोक्ताओं को समायोजित करने के लिए आयोग के सामने पूरा मामला रखा जाएगा।
