प्रेम कहानी का खौफनाक अंत : संदिग्ध हालात में पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल, शादी को तैयार नहीं थे परिजन

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

सूरतगंज, बाराबंकी, अमृत विचार : मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के लालपुर करौता गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद पड़े मकान के अंदर अमरूद के पेड़ से युवक और युवती के शव दुपट्टे के सहारे लटके मिले। सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लालपुर करौता स्थित एक बंद पड़े राइस मिल के पीछे मारूफ का मकान है। मारूफ पिछले करीब 20 वर्षों से परिवार सहित बाराबंकी शहर में रह रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे स्थानीय लोगों ने देखा कि मकान के अंदर लगे अमरूद के पेड़ की झुकी डाल से दुपट्टे के दोनों सिरों के सहारे युवक-युवती के शव लटके हुए हैं। सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान दसवंतपुर गांव निवासी 22 वर्षीय हसनैन पुत्र उस्मान और लालपुर गांव निवासी 17 वर्षीय सीबा पुत्री पीर मोहम्मद के रूप में हुई है। दोनों गुरुवार शाम करीब चार बजे से लापता बताए जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की चर्चा थी। यह भी कहा जा रहा है कि युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि दोनों परिवारों की ओर से किसी पर कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया गया है।

घटनास्थल पर अमरूद का पेड़ झुका हुआ था और दोनों के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कोई इसे आत्महत्या बता रहा है तो कोई हत्या के बाद शव लटकाए जाने की आशंका जता रहा है। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कहा है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : RIDF परियोजनाओं में लाएं तेजी... विशेष निगरानी के आदेश, मुख्य सचिव ने दिए नाबार्ड को प्रतिपूर्ति दावे और पीसीआर समय से भेजने के निर्देश

संबंधित समाचार