बाराबंकी : प्रभारी मंत्री राही ने विकास कार्यों की परखी गुणवत्ता, कहा- जनहित के कामों को प्राथमिकता देना हमारी पहली जिम्मेदारी
बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार को जिले के दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने उमरा क्षेत्र के समेकित विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मंत्री राही ने संबंधित कार्यदायी संस्था को स्पष्ट किया कि किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनहित के कामों को प्राथमिकता देना हमारी जिम्मेदारी है। इसके बाद मंत्री कुर्सी स्थित गोवंश आश्रय स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पशुओं को दिए जा रहे चारे की गुणवत्ता और साफ-सफाई का निरीक्षण किया
भूसे में अशुद्धि पाए जाने पर उन्होंने विकास खंड अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए ताकि पशुओं को स्वच्छ और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा सके। घुंघटेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंत्री ने रोगियों से संवाद कर उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने प्रयोगशाला, एक्स-रे, दवा वितरण कक्ष और चिकित्सकों के कक्ष का निरीक्षण किया। स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित प्रेरणा कैंटीन का भी अवलोकन किया और वहां परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता जानी।

लोगों ने उपकेंद्रों में दवा उपलब्धता और चिकित्सक उपस्थिति से जुड़ी समस्याएं बताईं, जिस पर अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने रेंगवां ग्राम पंचायत में आयोजित विकास खंड स्तरीय किसान सम्मेलन में कृषि विभाग द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों और मृदा परीक्षण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अब छोटे और सीमांत किसानों तक पहुंच रहा है।
आधुनिक उपकरणों और फसल बीमा जैसी सुविधाओं से खेती को सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी। कुर्सी क्षेत्र के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और कृषि लागत घटाकर आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। मंत्री ने ब्लॉक कार्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया।

महिला समूहों द्वारा बनाए गए हर्बल गुलाल के स्टॉल का निरीक्षण किया, जिसे प्राकृतिक सामग्री से तैयार बताया गया। मंत्री ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने आवासीय भवनों और शौचालयों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, उप कृषि निदेशक धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
