UP : सर्वाइकल कैंसर से बचाने को कल से लगेगी एचपीवी वैक्सीन, जानें कब न करायें टीकाकरण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर की रोकथाम के लिए आज से ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है। अभियान के तहत प्रदेश की लगभग 46 लाख किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 14 वर्ष की आयु की किशोरियों को गार्डासिल-4 वैक्सीन की सिंगल डोज निःशुल्क दी जाएगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक राजधानी लखनऊ में इसका शुभारंभ करेंगे।

यह अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका शनिवार को प्रधानमंत्री अजमेर से शुभारंभ करेंगे। इस दौरान सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उसी दिन अपने-अपने स्तर पर प्रदेश में टीकाकरण अभियान का आगाज करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक डॉ.अरूण कुमार अरूण के अनुसार यह टीका सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध रहेगा। अभियान तीन माह तक प्रतिदिन संचालित होगा, इसके बाद नियमित टीकाकरण दिवसों पर भी यह वैक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण के लिए अभिभावकों की लिखित सहमति और आयु प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा। टीकाकरण का विवरण यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।

केजीएमयू की गाइनकोलॉजिक ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. निशा सिंह के अनुसार महिलाओं में होने वाले कैंसर में सर्वाइकल कैंसर(22.86 प्रतिशत) का बड़ा हिस्सा है और यह एकमात्र ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम वैक्सीन से संभव है। उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताया। केजीएमयू के मेडिसिन विभाग के प्रो. विवेक कुमार ने स्पष्ट किया है कि वैक्सीन खाली पेट न लगवाएं। टीका 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को ही दिया जाएगा। गंभीर रूप से बीमार, गर्भवती, एलर्जी प्रवृत्ति वाली या पहले एचपीवी वैक्सीन लगवा चुकी किशोरियां यह टीका न लगवाएं।

ये भी पढ़ें : होली पर रोडवेज की बड़ी तैयारी: निर्बाध रात्रिकालीन बस सेवाएं होंगी संचालित, इन रूटों पर चलने के निर्देश 

संबंधित समाचार