डबल इंजन सरकार में यूपी बना अग्रणी: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, अमृत विचार : विधान परिषद में बजट प्रावधानों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उप्र. विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश ने कई योजनाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नेता सदन ने बजट पर चर्चा करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना सहित अनेक योजनाओं में उप्र. शीर्ष पर है। किसानों को 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत 1.85 करोड़ से अधिक निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था, दिव्यांग और अन्य पेंशन योजनाओं की राशि 300 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। शिक्षा क्षेत्र में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है। केशव प्रसाद मौर्या ने बताया कि प्रदेश में हवाई अड्डों की संख्या 4 से बढ़कर 16 हो गई है। कृषि उत्पादन, डीबीटी सहायता और 37 करोड़ पौधारोपण जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के माध्यम से प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
