मुरादाबाद : ऑपरेशन कायाकल्प के सभी कार्यों को दो महीने में करें पूरा
अब शहरी क्षेत्र के प्राथमिक स्कूलों में भी बच्चों के लिए बनेगा मध्याह्न भोजन
मुरादाबाद, अमृत विचार। डीएम अनुज सिंह की अध्यक्षता शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय टास्क फोर्स से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने बीएसए को निर्देश दिया कि परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों को बेहतर कार्य करने पर प्रोत्साहित करने की कार्ययोजना तैयार करें, जिससे उनमें विद्यालय और शिक्षा को बेहतर बनाने की भावना बढ़े। कहा कि अच्छे अध्यापकों को प्रोत्साहन जरूरी है। जिलाधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत सभी कार्यों को अगले दो महीने में पूरा करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र में एनजीओ के माध्यम से मिड डे मील की आपूर्ति के स्थान पर विद्यालय में ही भोजन तैयार कराने के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा। कहा बच्चों की उपस्थिति में भी गंभीरता दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कि जिन विद्यालयों में पर्याप्त जगह है वहां मध्याह्न भोजन शेड तैयार करें। जिससे बच्चों को माहौल में भोजन मिले। नए शैक्षिक सत्र में बच्चों को समय से पुस्तकों की उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि लापरवाही पर कार्रवाई होगी। खंड शिक्षा अधिकारी एवं टास्क फोर्स के अन्य अधिकारियों को व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
