Bareilly : अग्निवीर बन देश सेवा का युवाओं के पास सुनहरा मौका, एक अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन
बरेली, अमृत विचार। भारतीय सेना में 2026-27 की अग्निवीर भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू हो गयी है। अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 अप्रैल है। जून में लिखित परीक्षा होगी। अभ्यार्थियों की मांग को देखते हुए इस बार सरकार ने अधिकतम आयु सीमा एक वर्ष बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी है।
सेना भर्ती कार्यालय बरेली की ओर से बताया गया है कि भर्ती के लिए अब 17.5 वर्ष से 22 वर्ष की आयु वाले युवा आवेदन कर सकेंगे। यह भर्ती जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क स्टोर कीपर, ट्रेड्समैन और अग्निवीर वूमन मिलिट्री पुलिस के पदों के लिए है। अधिसूचना जारी कर दी गई है। नर्सिंग सहायक (एनए/ एनए वेट) के लिए अधिकतम आयु 23 वर्ष और सिपाही फार्मा के लिए 25 वर्ष तक निर्धारित है।
सभी वर्गों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपए तय किया गया है। अभ्यर्थियों को एक फार्म में दो-दो पदों के लिए आवेदन का मौका मिलेगा, यानि इस बार दो पदों के लिए अभ्यर्थी एक साथ अप्लाई कर सकेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय बरेली के अन्तर्गत आने वाले 12 जिलों (बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फरुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, लखीमपुर, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर) के इच्छुक उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अपना आवेदन 1 अप्रैल से पहले भारतीय सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन कर लें। किसी प्रकार की अन्य जानकारी या असुविधा होने पर सहायता के लिए सेना भर्ती कार्यालय बरेली में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच सम्पर्क कर सकते हैं।
