Bareilly: 1.72 लाख का 1150 किलो मिलावटी पनीर नष्ट कराया, बदायूं से हो रही थी आपूर्ति
बरेली, अमृत विचार। बदायूं के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर बरेली और आसपास शहरों में खपाया जा रहा है। कानपुर में पकड़े गए मिलावटी पनीर के बाद दो दिन से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें छापेमारी कर रही हैं। टीम ने शनिवार को प्रथमदृष्टया दूषित अवस्था में भण्डारण एवं गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर 1.72 लाख रुपये कीमत के 1150 किलो पनीर को जब्त कर नष्ट करा दिया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षत गोयल के अनुसार आयुक्त एवं डीएम के आदेश पर होली पर्व के अवसर पर छापेमारी की जा रही है। टोल एवं नाको पर खाद्य पदार्थों की चेकिंग कर अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को चेकिंग के दौरान रामगंगा पुलिस चौकी के पास वाहन संख्या-यूपी-24-टी- 0065 में ड्रम लदे हुए देखकर वाहन चालाक को गाड़ी रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक गाड़ी भगाकर निकल गया।
पीछा करते हुए सचल दल कुतुबखाना सब्जी मंडी पहुंचा। मौके पर व्यापारी के सामने 23 ड्रम उतारे जा रहे थे। सचल दल को देख वाहन चालक सामान छोड़कर भाग गया। ड्रमों को खोल खाद्य पदार्थ का निरीक्षण व परीक्षण किया। टीम ने पनीर जब्त कर लिया। ड्रम खोलकर देखने पर उन्हें पनीर प्रथमदृष्टया दूषित मिलने पर नष्ट करा दिया गया।
