होली पर घर वापसी के लिए ट्रेनों में भारी भीड़... स्लीपर कोच पर यात्रियों का कब्जा, पूर्वांचल जाने वालों की संख्या अधिक
लखनऊ, अमृत विचारः शहर के चारबाग, सिटी, ऐशबाग और बादशाह नगर रेलवे स्टेशनों पर शनिवार दोपहर बाद होली पर लखनऊ और आसपास से घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। टिकट काउंटर से लेकर प्लेटफार्मों तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ट्रेन आते ही बोगियों में चढ़ने के लिए मारामारी मच जाती। जिसे जहां जगह मिली वहीं जम गया। यहां तक कि अनारक्षित टिकट पर के यात्री स्लीपर कोच में घुस गए।
रविवार को साप्ताहिक अवकाश है, उसके बाद 2 से 4 मार्च तक होली का अवकाश है। इसके चलते लखनऊ और करीबी जिलों में नौकरी करने वाले ज्यादातर लोग और शहर में पढ़ने करने वाले विद्यार्थी शनिवार को ही अपने-अपने घरों के लिए रवाना होने लगे। इससे दोपहर बाद से रेलवे स्टेशनों से लेकर बस स्टेशनों तक भीड़ बढ़ने लगी। बहराइच, श्रावस्ती, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, प्रयागराज और बलरामपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही। वाराणसी जाने वाले एक यात्री ने बताया कि स्टेशन पर भीड़ को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिख रही है। प्रयागराज जाने वाले यात्रियों ने ट्रेन में चढ़ने में कठिनाई की बात कही। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवानों को यात्रियों को व्यवस्थित ट्रेन में चढ़ाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन के प्लेटफॉर्म के साथ-साथ सर्कुलेटिंग एरिया में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। रेलवे कर्मचारियों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले।
रोडवेज बना विकल्प, 1000 से अधिक बसें संचालित
ट्रेनों में भीड़ बढ़ने के कारण कई यात्रियों ने रोडवेज बसों का रुख किया। दोपहर बाद आलमबाग और अवध डिपो पर भी यात्रियों की भीड़ देखी गई। परिवहन विभाग ने यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई है। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय के अनुसार 1000 से अधिक बसें संचालित की जा रही हैं और अतिरिक्त बसें आरक्षित रखी गई हैं। बस अड्डों पर 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
