Bareilly: होली पर हुड़दंग करने वाले रडार पर, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस
बरेली, अमृत विचार। होली पर्व पर हुड़दंग करने वाले पुलिस की रडार पर हैं। रेंज के चारों जिलों में चच्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली का पर्व सम्पन्न कराने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। साथ ही बरेली परिक्षेत्र के जनपद बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में शांति एवं कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत जनपदों को सुपर जोन, जोन, सेक्टरों और सब सेक्टर में विभाजित करते हुए पुलिस की तैनाती की गई है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली में 3041, बदायूं में 2275, पीलीभीत में 1397 और शाहजहांपुर में 2855 कुल 9568 स्थानों पर होलिका दहन की जाएगी। छोटे-बड़े जुलूस की बात करें तो बरेली में 80, बदायूं में 15, पीलीभीत 10 और शाहजहांपुर में 18 निकाले जाएंगे। बरेली परिक्षेत्र के जनपदों को आठ सुपर जोन, 41 जोन, 145 सेक्टर व 350 सब सेक्टरों में विभाजित किया गया है। बरेली में राम बरात शोभायात्रा थाना किला क्षेत्र में बमनपुरी से दो मार्च को मुख्य रूप से और थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बानखाना से तीन मार्च को प्रारम्भ होकर थाना कोतवाली और थाना बारादरी में मिश्रित आबादी क्षेत्र से होता हुआ अपने गन्तव्य स्थान पर समाप्त होता है। शाहजहांपुर में होली पर्व को लेकर 18 जुलूस एवं दो मुख्य जुलूस निकाले जाते हैं।
बड़े लाट साहब के जुलूस के मार्ग में 30 मस्जिद-मजार और कब्रिस्तान पड़ते हैं। जुलूस का थाना कोतवाली व सदर क्षेत्रों में निकाला जाता है इस जुलूस का मार्ग 08 किमी का है। छोटे लाट साहब के जुलूस के मार्ग में 08 मस्जिदें व दो मजार पड़ती हैं। यह जुलूस थाना रामचन्द्र मिशन व चैकी सराय काइया होते हुए दोबारा मोहल्ला सराय काइया में समाप्त होता है। इस जुलूस का मार्ग 3.5 किमी लम्बा है। जिसे देखते हुए बरेली परिक्षेत्र के जनपदों में अपर पुलिस अधीक्षक 10, क्षेत्राधिकारी 30, प्रभारी निरीक्षक-थानाध्यक्ष-92 निरीक्षक-268, मुख्य आरक्षी-2759, आरक्षी-4728 महिला मुख्य आरक्षी-आरक्षी-1759 कुल 11444 औक मुख्यालय डीजी रिजर्व से पांच कम्पनी, दो प्लाटून पीएसी, चार कम्पनी आरआरएफ एडीजी बरेली जोन रिजर्व से एक कम्पनी पीएसी और रेन्ज रिजर्व की चार कम्पनी पीएसी कुल-14 कम्पनी, 02 प्लाटून पीएसी एवं आरएएफ का व्यवस्थापन किया गया है।
