मिडिल ईस्ट संकट से शेयर बाजारों में हाहाकार: 2,700 अंक की गिरावट में खुला सेंसेक्स, बिगड़ें हालातों के बीच चौतरफा बिकवाली

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। पश्चिम एशिया में बीते शनिवार को शुरू हुए संकट के कारण घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को चौतरफा बिकवाली देखी गयी और बीएससी का सेंसेक्स 2,700 अंक से अधिक की गिरावट में खुला। अंतर बैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया भी फिलहाल 15 पैसे की गिरावट में 91.23 रुपये प्रति डॉलर पर है।

अमेरिका और इजराइल के एक संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर हमले के बाद पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक हालत बिगड़ गये हैं। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले कई देशों पर हमले किये हैं। इसका असर सोमवार को बाजार खुलते ही देखा गया। वैश्विक स्तर पर जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंगसेंग एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट में है।

हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट लगभग स्थिर है। घरेलू बाजारों में सेंसेक्स 2,743.46 अंक टूटकर 78,543.73 अंक पर खुला। हालांकि बाद में इसकी गिरावट कुछ कम हुई और खबर लिखे जाते समय यह 926.18 अंक यानी 1.14 प्रतिशत नीचे 80,361.01 अंक पर था। 

पिछले कारोबारी दिवस पर सेंसेक्स 81,287.19 अंक पर बंद हुआ था। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 50 सूचकांक 519.40 अंक गिरकर 24,659.25 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह भी 300.90 अंक यानी 1.20 प्रतिशत नीचे 24,877.75 अंक पर रहा। सभी क्षेत्रों में बिकवाली देखी गई। 

एनएसई में ऑटो, आईटी, मीडिया, सार्वजनिक बैंक, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन क्षेत्रों के सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गये। बाजार में उतार-चढ़ाव बताने वाला निफ्टी वीआईएक्स 16 से ऊपर पहुंच गया। 

सेंसेक्स की कंपनियों में एक बीईएल को छोड़कर सभी के शेयर नीचे चल रहे थे। सूचकांक की गिरावट में एलएंडटी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इटरनल, भारतीय स्टेट बैंक और इंडिगो के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट रही। 

ये भी पढ़ें :
Stock Market Today : घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स और निफ्टी में शामिल इन कंपनियों को लगा झटका 

संबंधित समाचार