Bareilly : फंदे पर लटकता मिला टेंट कारोबारी का शव, हत्या की आशंका
हाफिजगंज में हाईवे किनारे बनी दुकानों के बाहर टीन शेड में मिला शव
हाफिजगंज/बरेली, अमृत विचार। टेंट कारोबारी का शव बुधवार की देर शाम उसकी मार्केट के बाहर बनी टीन शेड में फंदे से लटकता मिला। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ और इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परिजनों ने हत्या के बाद शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाफिजगंज क्षेत्र के गांव उदरनपुर निवासी हरपाल मौर्य (32) का शव उसकी अपनी मौर्य मार्केट के टीन शेड में लटका हुआ मिला। मृतक के परिजनों के अनुसार हरपाल मौर्य बुधवार की शाम करीब छह बजे रोज की तरह हाईवे किनारे बनी अपनी मार्केट में सोने के लिए गए थे। कुछ देर बाद जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि उनका हरपाल का शव टीन शेड में लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नवाबगंज और कोतवाल हाफिजगंज प्रवीण सोलंकी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस को कमरे में अधबना मीट रखा मिला, जो सील कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या कर शव लटकाने का आरोप
मृतक के पिता केसरी लाल ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को टीनशेड में लटका दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक हरपाल मौर्य अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी देवी, बेटी कोमल और बेटा रचित को छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -प्रवीण सोलंकी, इंस्पेक्टर हाफिजगंज।
