कानपुर : फंदे पर लटकता मिला महिला का शव, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
कानपुर। कानपुर के महाराजपुर इलाके में बुधवार शाम एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सोनी के रूप में हुई है, जो कानपुर देहात के देवीपुर शिवली की रहने वाली थीं। उनकी शादी 2020 में महाराजपुर के रामनगर निवासी ई-रिक्शा चालक भानु प्रताप पाल से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं, बेटा अभिषेक और बेटी अनुप्रिया हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले 11 लाख रुपये नकद और एक बाइक (पल्सर) की मांग कर रहे थे। भाई मनीष ने बताया कि जब ये मांगें पूरी नहीं की गईं, तो बहन सोनी को नियमित रूप से प्रताड़ित किया जाता था और मारपीट की जाती थी। सोनी अक्सर फोन पर परिवार को अपनी परेशानियां बताती थीं। मनीष ने आगे कहा कि एक साल पहले उनकी अपनी शादी में बाइक दी गई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष और ज्यादा जिद करने लगा था।
बुधवार शाम पड़ोसियों ने सूचना दी कि सोनी का शव फंदे पर लटका है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को कमरे में पड़ा देखा और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान ससुराल पक्ष ने सोनी के चाचा अजय पाल की जमकर पिटाई कर दी।हंगामे की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महाराजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है, जिसमें दहेज उत्पीड़न और संभावित हत्या के पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
