लखीमपुर खीरी के धौरहरा को गोल्ड और बांकेगंज को ब्रॉन्ज मेडल: स्वास्थ्य, पोषण और कृषि योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश को एस्पिरेशनल ब्लॉक कार्यक्रम में एक और बड़ी उपलब्धि मिली है। नीति आयोग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा ब्लॉक को गोल्ड और बांकेगंज ब्लॉक को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया है।

जुलाई से सितंबर 2024 के बीच चले संपूर्णता अभियान में दोनों ब्लॉकों ने विभिन्न विकास सूचकांकों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। यह सम्मान लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन भी प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में जिले के आकांक्षात्मक ब्लॉकों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। इसी के तहत बांकेगंज ब्लॉक ने स्वास्थ्य और पोषण, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं तथा सामाजिक विकास से जुड़े तीन प्रमुख इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत सैचुरेशन हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया।

वहीं धौरहरा ब्लॉक ने छह प्रमुख इंडिकेटर्स पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच, पोषण सुधार की पहल और कृषि योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने के प्रयासों से यह सफलता मिली।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय और तय समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने की रणनीति से यह उपलब्धि हासिल हुई है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार की मौजूदगी में बांकेगंज के बीडीओ ऋषिकांत अहिरवार और धौरहरा के तत्कालीन बीडीओ सुमित कुमार सिंह (वर्तमान में बीडीओ फूलबेहड़) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

ये भी पढ़ें :
योगी सरकार का बड़ा तोहफा : यूपी के 3300 से अधिक किसानों को अनुदान पर मिलेंगे कृषि यंत्र, ई-लॉटरी से होगा चयन

संबंधित समाचार