Rampur : रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, बेटा घायल
बिलासपुर, अमृत विचार। नैनीताल हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही उपचार के दौरान पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
वार्ड नंबर 29 सुभाष कालोनी रुद्रपुर उत्तराखंड निवासी 58 वर्षीय नारायण दास गुरुवार की देर रात पुत्र जयप्रकाश के साथ बाइक से रुद्रपुर वापस लौट रहा था। बताया कि गांव कौशलगंज के पास नैनीताल हाईवे पर उत्तराखंड के हल्द्वानी डिपो के बस चालक ने लापरवाही से बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही मौके पर आस-पास के लोगों समेत राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। दुर्घटना की सूचना पर रुद्र-बिलास चौकी प्रभारी चंद्रवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बाद में घायलों को उपचार के लिए रुद्रपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां नारायण दास की मौत हो गई। जबकि घायल जयप्रकाश का उपचार जारी है। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मृतक नारायणदास के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
