UP: आकाश से देखने पर आंख की तरह दिखती है गांधी समाधि, समय के साथ बदला स्वरूप

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि दिल्ली के राजघाट के अलावा रामपुर में भी बहुत सादगी से बनवाई गई थी। संगमरमर के पांच शंखों वाली गांधी समाधि तक पहुंचने के लिए दो रास्ते थे। समय बीता और 2025-16 में सपा सरकार के दौरान पूर्व मंत्री आजम खां ने गांधी समाधि को भव्य रूप दिलाया। आकाश से देखने पर अब गांधी समाधि आंख की आकृति की तरह दिखाई देती है।

गांधी समाधि पर 2 अक्टूबर, 15 अगस्त और 26 जनवरी को ध्वजारोहण किया जाता है। देश-विदेश से आने वाले मेहमान गांधी समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। 11 फरवरी 1948 को नवाब रजा अली खां विशेष ट्रेन से बापू की अस्थियां रामपुर लाए थे। बापू की अस्थियों का इस्तकबाल करने के लिए रेलवे स्टेशन पर पूरा शहर जुट गया था। सजे हुए हाथी पर रखकर बापू की अस्थियों शहर में घुमाई गईं थीं। बापू की अस्थियों का कुछ हिस्सा कोसी नदी में विसर्जित कर दिया गया। शेष अस्थियों को अष्टधातु के कलश में रखकर दफ्न कर दिया गया था। नवाब गेट के निकट स्थित गांधी समाधि में बापू की अस्थियां दफ्न हैं। देशभर में दिल्ली राजघाट और रामपुर स्थित गांधी समाधि में ही बापू की अस्थियां दफ्न हैं। कुछ को कोसी में विसर्जित किया गया। कुछ अस्थियों को स्मृति स्वरूप समाधि बनवाकर दफनाया गया।

राष्ट्रपिता का रामपुर से अटूट नाता रहा
शांति और अहिंसा के प्रतीक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का रामपुर से अटूट नाता रहा। मौलाना मोहम्मद अली जौहर के पास महात्मा गांधी स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आते रहे। इसी दौरान महात्मा गांधी और मौलाना मोहम्मद अली जौहर ने नवाब हामिद अली खां से मुलाकात की। नवाब के दरबार में नंगे सिर नहीं जाया जाता था। इसलिए बी अम्मा मौलाना मोहम्मद अली जौहर की मां ने अपने हाथों से सिलकर महात्मा गांधी को पहनने के लिए दी। तभी से वह टोपी गांधी कैप के नाम से प्रसिद्ध है।

अष्ठ धातु के कलश में अस्थियां रामपुर लाई गईं, जिन्हें रजा इंटर कॉलेज के मैदान में जनता के दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद नवाब ने कुछ अस्थियां कोसी नदी में विसर्जित कीं। बापू की कुछ अस्थियां अष्ट धातु के कलश में चांदी के कैप्सूल में रखकर दफना दी गईं। नवाब ने खुद यह काम किया और फिर यहीं पर गांधी समाधि बना दी गई। - डॉ. जहीर अली सिद्दीकी, इतिहासकार

 

संबंधित समाचार