उफ गर्मी... मार्च के पहले सप्ताह में ही पारा 30 डिग्री सेल्सियस

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रात का तापमान बढ़ने पर हो रही बेचैनी, दिन में धूप सहने लायक नहीं

मुरादाबाद, अमृत विचार। मार्च के पहले ही सप्ताह में तापमान चढ़ने लगा है। शुक्रवार को अधिकतम पारा 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आठ मार्च को पारा 32 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है। मार्च-अप्रैल में ही हीट वेव (लू) की संभावना को देखते हुए सिटी हीट एक्शन प्लान के अनुसार कार्य करने का निर्देश जिलाधिकारी अनुज सिंह ने विभागों के अधिकारियों को दिया है।

पिछले महीने शिवरात्रि के बाद मौसम ने करवट लिया है। हर दिन तापमान बढ़ रहा है। इस महीने के पहले सप्ताह में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। अगले दो दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।

सुबह की हल्की धूप से भी उमस हो रही है। दिन में सूरज की तपिश सहने लायक नहीं रह रही है। गर्म कपड़े उतरने के साथ ही अब दिन में लोग छांव की तलाश कर रहे हैं। प्यास बुझाने के लिए लोग बोतलबंद पानी का सहारा ले रहे हैं। गन्ने के जूस के ठेले पर लोग पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को धूप के साथ उमस बढ़ने से घरों व प्रतिष्ठानों में लोगों को पंखा और कई जगह एसी भी चलाने की नौबत आ गई है। कई घरों में लोग अपने कूलर आदि की सफाई करते दिखे। क्योंकि इस बार अधिक गर्मी पड़ने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मार्च-अप्रैल में ही लू चलने की संभावना है। जिसे देखते हुए जिले में सिटी हीट एक्शन प्लान तैयार हो गया है। पिछले महीने के अंत में एक बैठक भी कलेक्ट्रेट सभागार में हुई थी। जिसमें बाहर के विशेषज्ञों ने भी अपनी जानकारी साझा की थी। इसमें 20 मार्च तक सरकारी भवनों के सोलर रूफ टाप को सफेद रंग से पेंटिंग कराने की सलाह पर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सभी संबंधित विभागों को सिटी हीट एक्शन प्लान के अनुसार अपनी तैयारियों को पूरा करने का निर्देश दिया है। जिससे लू और भीषण गर्मी की स्थिति में लोगों को राहत दिलाई जा सके।

अगले छह दिन का अनुमानित तापमान

तारीख-अधिकतम तापमान-न्यूनतम तापमान

7 मार्च 31 डिग्री सेल्सियस 18 डिग्री सेल्सियस

8 मार्च 32 डिग्री सेल्सियस 19 डिग्री सेल्सियस

9 मार्च 32 डिग्री सेल्सियस 19 डिग्री सेल्सियस

10 मार्च 32 डिग्री सेल्सियस 19 डिग्री सेल्सियस

11 मार्च 31 डिग्री सेल्सियस 18 डिग्री सेल्सियस

12 मार्च 32 डिग्री सेल्सियस 19 डिग्री सेल्सियस

संबंधित समाचार