महानायक अमिताभ का अयोध्या में एर बार फिर बड़ा निवेश, 35 करोड़ लागत से ली सरयू तट पर जमीन
अयोध्या, अमृत विचार: सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने रामनगरी में एक बार फिर जमीन में बड़ा निवेश किया है। सिने जगत के सुपर स्टार ने रामनगरी में सरयू के किनारे द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप से लगभग 35 करोड़ की 2.67 एकड़ जमीन खरीदी है। जमीन की रजिस्ट्री करवाने का काम शुक्रवार को पूरा हो गया। इसके पहले भी महानायक यहां जमीन खरीद चुके हैं।
यह जमीन सरयू तट के पास विकसित हो रहे क्षेत्र में खरीदी गई है। महानायक शुक्रवार को स्वयं यहां नहीं आए थे। जमीन खरीद की पूरी प्रक्रिया एबी कॉर्प लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश यादव के माध्यम से संपन्न कराई गई। रजिस्ट्री की कार्रवाई प्रभारी उपनिबंधक कार्यालय सदर मस्त राम गुप्ता ने पूरी कराई। कार्यालय के मुताबिक लगभग 35 करोड़ की जमीन की लिखापढ़ी का काम पूरा हो गया है। बता दें कि इसके पहले भी सदी के महानायक ने द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा ग्रुप से जमीन खरीदी थी।
अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद राम नगरी में धार्मिक पर्यटन बढ़ा है। इसके साथ रियल स्टेटे का कारोबार भी तेजी से फल पूल रहा है। इसका कारण यातायात की सुविधाओं में बढ़ोत्तरी के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर में भी वृद्धि है। पूरी दुनिया से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं। बिल्डरों की निगाह भी अयोध्या पर है। सरकारी स्तर पर कॉलोनियों डेवलप किए जाने के साथ प्राइवेट बिल्डर भी यहां पैसा निवेश कर रहे हैं। इसके साथ ही सेलिब्रिटीज का भी इधर रुख बढ़ रहा है। लोढ़ा ग्रुप ने यहां सरयू तट पर रिहायशी कॉलोनी के लिए निवेश किया है। महानायक अमिताभ बच्चन ने उसी विकसित हो रहे क्षेत्र में ढाई एकड़ से ज्यादा जमीन ली है।
