बाराबंकी : निकाह से पहले नकदी और जेवर लेकर युवती फरार, 2 अप्रैल को आनी थी बारात
रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। दरियाबाद कोतवाली क्षेत्र में एक युवती संदिग्ध परिस्थिति में घर से जेवर नकदी लेकर गायब हो गई। उसका 2 अप्रैल को निकाह होने वाला था। भाई ने औरेया के एक युवक पर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव के रहने वाले युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी छोटी बहन गुरुवार रात घर अपने बिस्तर पर सोई थी।
शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे जब परिवार के लोग उठे तो वह अपने बिस्तर से गायब मिली। परिजनों ने घर और गांव में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों का आरोप है कि युवती के मोबाइल पर अक्सर एक युवक का फोन आता था। एक बार पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रितिक सिंह पुत्र रामनाथ सिंह निवासी उरुवा दोरी थाना विधुना जनपद औरैया बताया था।
27 फरवरी को उसी युवक ने फोन कर कहा था कि वह आकर युवती को अपने साथ ले जाएगा। परिजनों के अनुसार युवती की शादी आगामी 2 अप्रैल को तय थी। शादी के लिए घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद, एक तोले का सोने का हार, लगभग दो ग्राम की सोने की अंगूठी और एक मोबाइल फोन भी घर से गायब है। परिजनों को आशंका है कि युवती उक्त युवक के साथ चली गई है।
हैदरगढ़ : विवाहिता व बहन को बंदकर बनाए अश्लील वीडियो
हैदरगढ़: होली के दिन मायका पक्ष की मौजूदगी में एक विवाहिता को उसकी बहन के साथ कमरे में बंद करने के बाद उनके कपड़े फाड़ दिए गए और अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। लखनऊ की रहने वाली पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लखनऊ के कोतवाली गोसाईगंज क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 29 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दतौली चौराहा निवासी विष्णु से हुआ था। काफी दहेज दिए जाने के बाद भी शादी के करीब 15 दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। सास ने दो सोने की अंगूठियां और अन्य सामान मायके से लाने का दबाव बनाया। मांग पूरी न होने पर पति और अन्य ससुरालीजन उसे आए दिन मारपीट कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे।
आरोप है कि 4 मार्च को होली के दिन शाम जब उसके पिता और बहन घर आए हुए थे, उसी दौरान पति ने डंडे से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे और उसकी बहन को कमरे में बंद कर कपड़े फाड़ दिए और अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर अतिरिक्त दहेज की मांग की। बताया कि लगातार प्रताड़ना से वह और उसका परिवार काफी परेशान है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति विष्णु मिश्रा, ससुर कृष्ण कुमार मिश्रा, नीरज कुमारी, विजय और अर्जुन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
