लखनऊ : इंदिरानगर में स्पोर्ट्स टीचर के मकान में 75 लाख की चोरी, चोर उखाड़ ले गए डीवीआर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। इंदिरानगर स्थित फरीदीनगर इलाके में चोरों ने महिला स्पोर्ट्स टीचर के बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने ताला तोड़कर नकदी, इलेक्ट्रानिक सामान व 70 लाख रुपये के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ ले गए।

वारदात उस समय हुई जब पीड़िता परिजन संग हैदराबाद गई हुई थी। जानकारी मिलते ही शुक्रवार देर रात लखनऊ पहुंची। शनिवार को इंदिरानगर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर छानबीन की। एसीपी गाजीपुर अनिद्य विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

फरीदी नगर स्थित बाल विहार काॅलोनी निवासी शिप्रा सिंह एक निजी स्कूल में स्पोर्ट्स टीचर हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को वह परिवार के साथ हैदराबाद में रहने वाली अपनी बहन दीपांजलि सिंह के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। घर में पाली गई मछलियों को खाना देने और पौधों में पानी डालने के लिए उन्होंने घर की चाबी अपनी दोस्त शुभाश्री रमन को दे रखी थी।

शुक्रवार शाम करीब पौने चार बजे शुभाश्री जब घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों के ताले भी टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। घबराकर उन्होंने शिप्रा को फोन किया जानकारी दी। इसके बाद वीडियो काॅल के जरिए घर की स्थिति दिखाने पर शिप्रा को चोरी की जानकारी हुई। देर रात करीब 10:30 बजे पीड़िता हैदराबाद से वापस लौटी। घर पहुंची तो तीन ताले टूटे पड़े थे।

बेड के सिरहाने पर बना बॉक्स और आलमारियां खुली थी। शिप्रा ने चोरी की सूचना डॉयल-112 पर दी। जानकारी मिलते ही इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता ने बताया कि चोरों ने एक लाख रुपये, करीब 70 लाख के जेवर, इलेक्ट्रानिक गैजेट्स समेत करीब 75 लाख की चोरी की है। पीड़िता ने बताया कि घर में लगे सीसी कैमरों की रिकार्डिंग देखने के लिए जब डीवीआर तलाशा गया तो वह भी गायब मिला। आशंका है कि चोर जाते समय डीवीआर भी साथ ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पीड़िता बोली पुश्तैनी थे जेवर

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिता प्रमोद कुमार सिंह पीडब्ल्यूडी में थे। कई साल पहले पिता और मां की सड़क हादसे में मौत हो गयी थी। बड़ी बहन हैदराबाद में रहती है, जबकि वह भाई के साथ यहां रहती हैं। पीड़िता ने बताया कि सोना-चांदी व हीरे के जेवर पुश्तैनी थे। शनिवार को पुलिस ने फॉरेसिंक टीम की मदद से घटनास्थल पर छानबीन की।

स्थानीय लोगों ने गश्त पर उठाए सवाल

घनी आबादी वाले इलाके में हुई वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि अगर इलाके में रोजाना रात में गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से बंद घर में घुसकर वारदात को अंजाम देकर भाग नहीं सकते थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

संबंधित समाचार