स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य : केशव मौर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कौशांबी में सरस मेला व सरस महोत्सव का उद्घाटन, महिलाओं के उत्पादों की प्रदर्शनी देख बढ़ाया उत्साह

लखनऊ/ कौशांबी, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि महिलाओं में अपार प्रतिभा है और सरकार उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग कर रही है। इतना ही नहीं, प्रदेश में स्वयं सहायता समूह की एक करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री शनिवार को बाबू सिंह डिग्री कॉलेज मैदान, सयारा (कौशांबी) में आयोजित सरस मेला व सरस महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ, कपड़े और अन्य घरेलू उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में जिले में 10 दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का सरस मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश में छह करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम कौशांबी जिले में करीब 1.54 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और इनमें से 10,864 महिलाएं पहले ही लखपति बन चुकी हैं।

कार्यक्रम के दौरान केशव प्रसाद मौर्या ने महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ पुष्पवर्षा कर फूलों की होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर चायल विधायक पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग सदस्य जितेंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार