World Glaucoma Week: समय पर जांच से बचा सकते हैं दृष्टि हानि, 14 मार्च तक चलेगा जागरूकता अभियान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

निःशुल्क आंख दबाव और ऑप्टिक डिस्क जांच उपलब्ध

लखनऊ, अमृत विचार : विश्व ग्लूकोमा सप्ताह इस वर्ष 8 से 14 मार्च तक मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में ग्लूकोमा (काला मोतिया) के बारे में जागरूकता बढ़ाना, इसके शीघ्र निदान और नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व को समझाना है, ताकि अंधत्व को रोका जा सके।

अवध ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि ग्लूकोमा स्थायी अंधत्व का प्रमुख कारण है। शुरुआती चरणों में इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते, इसलिए इसे दृष्टि का मौन चोर कहा जाता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से आगे होने वाली दृष्टि हानि को रोका जा सकता है।

डॉ. श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को नियमित नेत्र परीक्षण कराना चाहिए। मधुमेह, उच्च रक्तचाप या परिवार में ग्लूकोमा का इतिहास होने पर इसका खतरा अधिक रहता है।

डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि ग्लूकोमा की जांच सरल और बिना दर्द के होती है। जागरूकता अभियान के तहत 14 मार्च तक समाचार-पत्र की कटिंग दिखाकर लखनऊ के किसी भी गैर-सरकारी नेत्र अस्पताल या क्लिनिक में नि:शुल्क नेत्र दबाव और ऑप्टिक डिस्क की जांच कराई जा सकती है।

संबंधित समाचार