एआई तकनीक पर आधारित 1000 स्मार्ट कैमरों से होगी निगरानी, राष्ट्रपति के दौरे और रामनवमी मेले को लेकर तैयारी शुरू
अयोध्या, अमृत विचार : अयोध्या में आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 19 मार्च को प्रस्तावित दौरे व रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। शहर के प्रमुख संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां 1000 स्मार्ट व एआई तकनीक पर आधारित कैमरों को लगाने की तैयारी है।
करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से यह कैमरे अयोध्या धाम व अयोध्या शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे, जो ''चक्रव्यूह'' मॉडल के तहत काम करेंगे। यह सभी कैमरे एआई संचालित (एफआरएस) होंगे। इसमें संदिग्ध व्यक्ति या विशिष्ट कपड़ों की पहचान करने की तकनीक होगी। इससे अपराध व संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने में आसानी होगी। यह योजना अयोध्या विकास प्राधिकरण व नगर निगम की है, जिसे राज्य सरकार ने मंजूरी दी थी। संभावना है कि 19 मार्च से पूर्व इन कैमरों को इंस्टाल कर दिया जाएगा।
राम मंदिर तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों की बढ़ेगी निगरानी
पुलिस प्रशासन ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के साथ हाईवे से राम मंदिर तक पहुंचने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। सुरक्षा के साथ यातायात की दृष्टि से भी इन मार्गों व बीच में पड़ने वाले चौराहों व तिराहों पर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। विशेषकर हाईवे पर साकेत पेट्रोल पंप ओवरब्रिज के नीचे, धर्मपथ, रामघाट चौराहा, रायगंज जैन मंदिर तिराहा, तुलसी स्मारक भवन चौराहा, कटरा तिराहा, अशफीर् भवन चौराहा, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन से रामपथ पर निकलने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी के इंतजाम किए जा रहे हैं।
अयोध्या में पूर्व से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है। समय-समय पर इसकी समीक्षा कर उसे आधुनिक तरीके से अपडेट किया जाता है। जल्द ही यहां पर एआई तकनीक पर आधारित 1000 से अधिक स्मार्ट कैमरे लगाए जाएंगे।
-आशुतोष तिवारी, क्षेत्राधिकारी अयोध्या
