2047 तक सत्ता में नहीं आने वाली सपा- कांग्रेस : केशव मौर्य का दावा- 325 से अधिक सीटें जीतकर भाजपा 2027 फिर बनाएगी सरकार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 325 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी। रविवार को सरस महोत्सव के तहत बाबूसिंह डिग्री कॉलेज, सयारा-कौशांबी के मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को 2047 तक सत्ता मिलने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अब तुष्टिकरण और जातिवाद के आधार पर राजनीति सफल नहीं होगी। 

केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत पर काम कर रही है और बिना किसी भेदभाव के गरीब परिवारों को आवास समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से एक करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं और भविष्य में तीन करोड़ महिलाओं को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों परिवारों की आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

 इसके अलावा सरकार किसानों के हित में कार्य कर रही है और नलकूपों के बिजली बिल माफ किए गए हैं। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को गरीब, पिछड़े और दलितों की चिंता नहीं है, बल्कि सत्ता की लालसा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकसित परिवार, विकसित प्रदेश और विकसित भारत के लक्ष्य के साथ काम कर रही है और प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। 

संबंधित समाचार