कानपुर : महिला दिवस पर बालिकाओं और महिलाओं को किया गया सम्मानित
कानपुर, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन धनराशि दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और बाल सेवा योजना के तहत चयनित बालिकाओं तथा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए सम्मानित किया गया।
रविवार को राजकीय बाल गृह (बालिका), स्वरूप नगर परिसर में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें विधायिका कल्याणपुर नीलिमा कटियार, सदस्य राज्य महिला आयोग पूनम द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन, उप निदेशक पुनीत कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह तथा निदेशक अचिन्त्य फाउंडेशन दिशा अरोड़ा आदि मौजूद रहे।

वक्ताओं ने महिलाओं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक अचिन्त्य फाउंडेशन दिशा अरोड़ा ने राजकीय बाल गृह (बालिका) की बालिकाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए अपनी संस्था की ओर से सहयोग देने की पहल की।
इस दौरान जुपिटर ऑडिटोरियम, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में मुख्यमंणत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में महिला सशक्तीकरण का आयोजन किया गया जिसका सजीव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से राजकीय बाल गृह (बालिका) में देखा गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
