T20 विश्व कप की जीत पर भावुक हुए गंभीर... द्रविड़ और लक्ष्मण को दिया श्रेय, कहा- "राहुल ने टीम को मजबूत नींव दी, लक्ष्मण ने..."

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अहमदाबादः भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टीम के तीसरे टी20 विश्व कप खिताब को अपने पूर्ववर्ती राहुल द्रविड़ और बीसीसीआई के सेंटर ऑफी एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित किया और राष्ट्रीय टीम को तैयार करने में उनकी भूमिका को स्वीकार किया। भारत ने रविवार रात यहां फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। गंभीर ने कहा कि वह आईसीसी चेयरमैन जय शाह के भी बहुत शुक्रगुजार हैं जिन्होंने मुश्किल समय में उनका समर्थन किया। 

गंभीर मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''सबसे पहले मुझे लगता है कि मुझे यह ट्रॉफी राहुल (द्रविड़) और फिर लक्ष्मण को समर्पित करनी चाहिए। क्योंकि राहुल ने भारतीय क्रिकेट को इतनी अच्छी हालत में रखने के लिए जो कुछ किया है, मुझे उनके समय में किए गए हर काम के लिए उन्हें धन्यवाद देना होगा।'' 

उन्होंने कहा, ''और फिर वीवीएस लक्ष्मण जिन्होंने बिना किसी शर्त के भारतीय क्रिकेट के लिए इतना कुछ किया, विशेषकर (बंद) दरवाजों के पीछे क्योंकि सीओई भारतीय क्रिकेट के लिए पाइपलाइन बना हुआ है।'' 

द्रविड़ जब मुख्य कोच थे तब भारत ने रोहित शर्मा की अगुआई में 2024 में टी20 विश्व कप जीता था जबकि लक्ष्मण ने सीओई में अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बहुत सराहना बटोरी है। टीम तैयार करने में चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर के असर की भी गंभीर ने सराहना की। 

उन्होंने कहा, ''उन्हें बहुत बुराई झेलनी पड़ती है और उन्होंने जितनी ईमानदारी से काम किया है वह काबिले तारीफ है।'' उन्होंने अगरकर के कुछ मुश्किल फैसलों का जिक्र किया जिसमें पिछले साल रोहित के टीम को चैंपियन्स ट्रॉफी जिताने के बावजूद शुभमन गिल को एकदिवसीय कप्तानी सौंपने का फैसला भी शामिल है। 

उन्होंने स्वदेश और विदेश में टेस्ट श्रृंखलाओं में हार के संदर्भ में कहा, ''आखिर में, मुझे जय शाह को धन्यवाद कहना है क्योंकि जब मैं अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रहा था तब अधिक लोगों ने मुझे फोन नहीं किया।'' गंभीर ने याद करते हुए कहा, ''चाहे न्यूजीलैंड (स्वेदश में) श्रृंखला के बाद हो, या दक्षिण अफ्रीका (स्वदेश में) श्रृंखला के बाद हो, असल में मुझे सिर्फ जय भाई ने ही फोन किया था।'' उन्होंने कहा, ''मुझ पर भरोसा करने के लिए उन्हें धन्यवाद देना है।'' 

संबंधित समाचार