आधुनिक तकनीक से युक्त होंगी राम कथा संग्रहालय, मंदिर निर्माण समिति के अंतिम दिन की बैठक संपन्न
अयोध्या, अमृत विचार : सरयू तट पर निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय श्री राम कथा संग्रहालय में अत्याधुनिक 20 गैलरी बनाई जा रही है, जिसे एडवांस टेक्नोलॉजी के तहत तैयार किए जाने पर अंतिम निर्णय के लिए विचार किया जा रहा है।
रविवार को मंदिर निर्माण समिति के अंतिम दिन की बैठक संग्रहालय में संपन्न हुई। बैठक में म्यूजियम के तैयार किए जाने वाले एजेंसियों ने योजना के तहत प्रेजेंटेशन की प्रस्तुति दी। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि एजेंसी को म्यूजियम का कार्य दिया गया है।
जल्द ही अंतिम निर्णय होगा। लेकिन यह जरूर है कि वर्तमान के आधुनिक टेक्नोलॉजी को देखते हुए ही तैयार किया जाएगा। राम मंदिर निर्माण का कार्य संपन्न होने के बाद अब मंदिर परिसर को ट्रस्ट संचालित करने की तैयारी कर रहा है। जिसे जल्द ही हस्तानांतरित कर दिया जाएगा।
इसके बाद सभी निर्माण कंपनियां परिसर को खाली कर देंगी। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि 15 मई तक सभी कार्य संपन्न करने के बाद निर्माण एजेंसियां अवमुक्त हो जाएंगी।
उनके नए प्रोजेक्ट भी आने लगे है। एलएंडटी और टीसीई ने प्रमुख भूमिका निभाई है।इसी उद्देश्य से 19 मार्च को सभी एजेंसियों के श्रमिक से लेकर इंजीनियर और अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
राष्ट्रपति उन्हें सम्मानित करेंगी। अब मुख्य कार्य ऑडिटोरियम, विश्रामगृह, ट्रस्ट कार्यालय के साथ अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय के निर्माण का कार्य किया जाएगा। मंदिर परिसर के बाउंड्री वॉल का निर्माण इंजीनियर इंडिया लिमिटेड के द्वारा किया जा रहा है।
