संसद ने टी-20 विश्वकप जीतने पर दी भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई, कहा- लगातार बढ़ा रहे देश का मान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः संसद के दोनों सदनों राज्यसभा और लोकसभा ने आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को सोमवार को बधाई दी और इस जीत को देश के लिए बहुत गर्व का पल बताया। आज यहां लोकसभा की कार्यवाही बारह बजे शुरु होते ही पीठासीन अधिकारी जगदंबिका पाल ने भारत की टी-20 क्रिकेट विश्व कप में जीत की सदन को सूचना दी। सदन की ओर से भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी।

राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा, "कल देश के लिए गर्व का पल था, जब भारतीय क्रिकेट टीम ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप का खिताब जीता। भारत की यह तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीत है, और खास बात यह है कि यह भारतीय टीम का लगातार दूसरा खिताब है। भारतीय टीम ने पिछला एडिशन भी जीता था।"

उन्होंने कहा, "यह कामयाबी और भी ऐतिहासिक है क्योंकि भारत आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप जीतने वाला पहला मेजबान देश बन गया है, जिससे यह कामयाबी देश के लिए और भी खास बन गई है। पूरे टूर्नामेंट में टीम के शानदार प्रदर्शन ने देश भर के लाखों क्रिकेट प्रेमियों को बहुत खुशी और गर्व दिया है। सदन की ओर से, उन्होंने इस शानदार कामयाबी के लिए खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों को दिल से बधाई दी। यह सदन आने वाले सालों में उनके लगातार सफल होने की कामना करता है।" 

संबंधित समाचार