ICC ने खिलाड़ियों की निराशा के प्रति जताई सहानुभूति, बताया वतन वापसी में देरी की वजह

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण टी20 विश्व कप के बाद घर वापस न लौट पाने वाले वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की 'वास्तविक निराशा' के प्रति सहानुभूति व्यक्त की और इस सुझाव को सिरे से खारिज कर दिया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखे बिना फैसले लिए गए।

आईसीसी ने यात्रा कार्यक्रम का विवरण देते हुए कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी बुधवार की रात को स्वदेश रवाना होना शुरू कर देंगे और उम्मीद है कि उसकी टीम के सभी सदस्य अगले 36 घंटों के भीतर रवाना हो जाएंगे। आईसीसी ने बताया कि वेस्टइंडीज टीम के नौ सदस्य पहले ही अपने देशों के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि की 16 सदस्यों के लिए अगले 24 घंटों के भीतर भारत से रवाना होने वाली उड़ानों में बुकिंग करा ली गई है। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ''खिलाड़ियों के रवाना होने के लिए स्पष्ट पुष्टि के बाद आगे का अपडेट दिया जाएगा।''

आईसीसी ने वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के लिए मंगलवार को अलग-अलग वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग की, क्योंकि कोलकाता से उड़ान भरने वाली उनकी चार्टर उड़ान 'लॉजिस्टिक' समस्याओं के कारण रद्द कर दी गई थी। क्रिकेट की विश्व संस्था ने कहा, ''आईसीसी इस बात को पूरी तरह से खारिज करती है कि ये निर्णय सुरक्षा, व्यवहार्यता और खिलाड़ियों के हितों से इतर किसी अन्य कारण से लिए गए हैं। विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्मों पर स्थिति से अनभिज्ञ लोग जो सुझाव दे रहे हैं वे अनुपयोगी और गलत हैं।''

इसमें आगे कहा गया है, ''दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के मामले में की गई व्यवस्था का इंग्लैंड या किसी अन्य देश के लिए पहले की गई व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं है। यह व्यवस्था अलग-अलग परिस्थितियों, मार्ग विकल्पों और अलग-अलग यात्रा स्थितियों पर आधारित थी।'' दोनों टीमों ने कोलकाता में (वेस्टइंडीज ने सुपर आठ में एक मार्च को और दक्षिण अफ्रीका ने चार मार्च को सेमीफाइनल में) अपने अंतिम मैच खेले। ईरान पर अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद पश्चिम एशिया के कुछ हिस्सों में अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण उत्पन्न व्यवधान की वजह से वे अपने देश रवाना नहीं हो पाए हैं। इस स्थिति के कारण कई विमान खाड़ी क्षेत्र से होकर नहीं जा पा रहे हैं। आईसीसी का एयरलाइंस साझेदार एमिरेट्स है और दुबई के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण वह भी परिचालन करने में असमर्थ हैं।

आईसीसी ने कहा, ''हम समझते हैं कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी, कोच, सहयोगी स्टाफ और उनके परिजन घर लौटने के लिए उत्सुक हैं। उनका अभी तक स्वदेश नहीं लौट पाना वास्तव में निराशाजनक है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद भी इस निराशा में उनके साथ है।''

विश्व संस्था ने कहा, ''यह देरी खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संकट का सीधा परिणाम है, जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा में व्यापक और निरंतर व्यवधान उत्पन्न हुआ है। हवाई क्षेत्र का बंद होना, मिसाइल चेतावनी, मार्ग परिवर्तन संबंधी प्रतिबंध के साथ ही वाणिज्यिक और चार्टर उड़ानों का अचानक रद्द होना और पुनर्निर्धारित होना शामिल है। ये परिस्थितियां पूरी तरह से आईसीसी के नियंत्रण से बाहर हैं। इसके कारण यात्रा कार्यक्रम तैयार करना मुश्किल हो गया था और इसमें अधिक समय लगा।''

आईसीसी ने कहा कि वह खिलाड़ियों की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए टूर ऑपरेटरों और एयरलाइंस के साथ लगातार संपर्क में है। उसने कहा, ''आईसीसी ने सभी प्रभावित खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए यथाशीघ्र सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए कई अधिकार क्षेत्रों में एयरलाइंस, चार्टर ऑपरेटरों, हवाई अड्डा अधिकारियों, ग्राउंड हैंडलर्स और सरकारी हितधारकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा है। यह कार्य अभी भी जारी है।''

आईसीसी ने कहा, ''इस पूरी अवधि के दौरान आईसीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा करना रहा है। इनमें अपने जीवनसाथी और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं। जब तक हम यह सुनिश्चित नहीं कर लेते कि यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है, तब तक हम लोगों को स्थानांतरित नहीं करेंगे और हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।''

आईसीसी ने संबंधित क्रिकेट बोर्डों और खिलाड़ियों से धैर्य बनाए रखने का भी आग्रह किया, क्योंकि वह खाड़ी में बदलती स्थिति के बीच सर्वोत्तम संभव समाधान निकालने के लिए काम कर रहा है। आईसीसी ने कहा, ''हम सभी खिलाड़ियों, प्रबंधन, बोर्ड और साझेदारों का इस असाधारण रूप से मुश्किल परिस्थिति में उनकेर धैर्य और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हैं। हमारी टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं और परिस्थितियों में हो रहे बदलावों के अनुसार टीम मैनेजरों के साथ लगातार संपर्क में हैं। हम आगे की स्थिति को लेकर आपको अपडेट देते रहेंगे।'' 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

कौशांबी: शक्तिपीठ शीतला धाम कड़ा में गंदर्भ मेले का समापन, खच्चर खरीदने की पुरानी मान्यता 
T20 World Cup में मिली करारी हार के बाद बाबर आजम ने लिया बड़ा फैसला, बल्लेबाजी की खामियां दूर करने के लिए राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप से नाम लिया वापस
Uttrakhand: नेपाल में नई सरकार...रोटी-बेटी के रिश्ते होंगे प्रगाढ़, पर्यटन गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद
गैस, पेट्रोल-डीजल पर अफवाह को लेकर सीएम योगी सख्त, कालाबाजारी को लेकर निर्देश, पूरे प्रदेश में छापेमारी 
LPG संकट के बीच रेलवे में भी हाहाकार! अब नहीं मिलेगा गर्मागर्म खाना... IRCTC ने कैटरिंग यूनिट्स को माइक्रोवेव-इंडक्शन पर स्विच करने के दिए निर्देश