ईरान का अमेरिकी जहाज पर हमला: एक भारतीय की मौत; भारत ने कड़ी निंदा कर कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

न्यूयॉर्क। इराक के पास अमेरिकी स्वामित्व वाले तेल टैंकर पर ''आत्मघाती'' नौका से किए गए ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक के मारे जाने की सूचना है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। अमेरिकी स्वामित्व वाले और मार्शल आइलैंड ध्वज वाले तेल टैंकर 'सेफसी विष्णु' पर इराक के जलक्षेत्र के भीतर खोर अल जुबैर बंदरगाह के पास एक ईरानी ''आत्मघाती'' नौका ने हमला किया था। हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है जिसका नाम अभी उजागर नहीं किया गया है जबकि तेल टैंकर पर सवार चालक दल के अन्य सदस्यों और कर्मियों, कुल 27 लोगों को बचा लिया गया और उन्हें बसरा ले जाया गया है। 

'सेफसी' के करीबी सूत्रों ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि कंपनी इस हमले में भारतीय नागरिक की मौत की खबर सुनकर बेहद दुखी है। उसने भारत सरकार से इस हमले की कड़ी निंदा करने और पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर क्षेत्र में जहाजों पर सवार चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। 

सूत्रों ने इस बात को लेकर चिंता व्यक्त की कि वैश्विक स्तर पर नाविकों में भारतीयों की संख्या 15 प्रतिशत से अधिक है इसलिए ईरान चाहे जिस भी जहाज को निशाना बनाए, भारतीय नागरिक ''अप्रत्यक्ष रूप से'' निशाना बनेंगे। 'वेसल फाइंडर' वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 228.6 मीटर लंबा और 32.57 मीटर चौड़ा 'सेफसी विष्णु' का निर्माण 2007 में हुआ था और वर्तमान में यह मार्शल द्वीप समूह के ध्वज के तहत संचालित होता है। इसका सकल टन भार 42010 टन और 'डेडवेट' टन भार 73976 टन है। 'डेडवेट' टन भार (डीडब्ल्यूटी) किसी जहाज का वह अधिकतम भार है जिसे वह चालक दल सहित कार्गो, ईंधन, ताजे पानी, राशन और अन्य सामग्री को सुरक्षित रूप से वहन कर सकता है। 

 

संबंधित समाचार