प्रयागराज : मां ने कलेजे के टुकड़े की पत्थर मार कर की हत्या, लकड़ियों के ढेर में छिपाई लाश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक मां ने अपने पांच माह के मासूम बेटे की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। निर्ममता से किए गए वार से बच्चे का पेट फट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मां ने शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सरायममरेज थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव खेती-बाड़ी करते हैं। उनके पिता मुंबई में निजी काम करते हैं, जबकि मां का निधन हो चुका है। परिवार में बाबा हरिलाल यादव भी रहते हैं। 

करीब पांच माह पहले संतोष की पत्नी मनोरमा ने बेटे को जन्म दिया था, जिसका नाम ईश्वर रखा गया था। पड़ोसियों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और वारदात से तीन-चार दिन पहले से दोनों में लगातार झगड़ा हो रहा था। परिजनों के मुताबिक 11 मार्च को भी संतोष और मनोरमा के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद संतोष काम पर चला गया। घर में मनोरमा, उसका पांच माह का बेटा और संतोष के बाबा मौजूद थे। 

शाम को बच्चे की रोने की आवाज नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब वह टिनशेड वाले कमरे में पहुंचे तो लकड़ियों के ढेर के नीचे बच्चे का शव मिला। आसपास खून फैला हुआ था और शव क्षत-विक्षत हालत में था। पति द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि शाम करीब छह बजे गुस्से में आकर उसने बेटे पर पत्थर से वार कर दिया। 

पत्थर जोर से लगने से उसका पेट फट गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। डर के कारण उसने शव को लकड़ियों के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बच्चे के बाबा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया है कि पति से अक्सर उसका विवाद होता रहता था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।  

संबंधित समाचार