कानपुर : 2 हजार स्क्वायर मीटर में बनेगा ट्रेनिंग सेंटर, युवाओं को दिया जाएगा निर्माण संबंधी प्रशिक्षण
कानपुर, अमृत विचार। युवाओं को नौकरी के लिए प्रशिक्षण हासिल करने के लिए अब भटकना नहीं होगा। इसके लिए शहर में ही एक प्रशिक्षण केंद्र बनेगा। इस प्रशिक्षण केंद्र में युवा निर्माण संबंधी अनुभव हासिल कर सकेंगे। इस प्रशिक्षण केंद्र के लिए हाल ही में प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। लगभग दो हजार स्क्वायर मीटर में बनने वाला केंद्र सेवायोजन विभाग कार्यालय के भवन के पीछे बनाया जाएगा।
विदेश में निर्माण क्षेत्र के लिए काम करने वाले युवाओ की भारी मांग हैं। इनमें इजराइल और दुबई सहित अन्य देशों में युवा सबसे अधिक इस क्षेत्र में नौकरी के लिए प्रयास करते हैं। हाल ही में इजराइल की ओर से शहर में प्लेसमेंट ड्राइव भी चलाई गई थी। इस ड्राइव में लगभग दो हजार युवाओं को चयनित किया गया था। उधर निर्माण क्षेत्र में नौकरी के प्रशिक्षण के लिए अब शहर में ही एक प्रशिक्षण केंद्र बन रहा है। इस प्रशिक्षण केंद्र में युवाओं को विदेशी निर्माण संबंधी प्रशिक्षण युवाओं को दिया जाएगा।
केंद्र के लिए दिल्ली से आई टीम की ओर से पूर्व में स्थान का निरीक्षण किया जा चुका है। इसके बाद शहर से इसे लेकर प्रस्ताव भी भेजा जा चुका हैं। प्रस्तव के बाद निदेशालय की ओर से सहमति मिलने के बाद से एनएसडीसी (राष्ट्रीय कौशल विकास निगम) अपनी प्रक्रिया शुरू कर देगा। पूरे मामले पर सहायक निदेशक सेवायोजन उज्जवल कुमार सिंह ने बताया कि भवन के निर्माण के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। जल्द ही युवाओं के सहयोग के लिए शहर में ही प्रशिक्षण की सुविधा शुरू हो जाएगी।
विदेशी पैमाने पर नाकाम
विदेशों में भवन निर्माण संबंधी कामगार मांग को शहर के युवा पूरा करने में नाकाम रहे थे। इसकी वजह वहां विदेशों में भवन निर्माण के दौरान उपयोग होने वाली सामग्री के पैमाने संबंधी बदलाव है। इजराइल की ओर से आए विशेषज्ञों ने इसी वजह से लगभग 4 हजार युवाओं को नौकरी के पैरामीटर से बाहर कर दिया था। इसकी सबसे बड़ी वजह को विशेषज्ञ इस क्षेत्र में गुरु शिष्य परंपरा को मान रहे हैं। उनका कहना है कि इस प्रशिक्षण केंद्र के शुरू होने के बाद युवाओं को विश्वस्तरीय पैमाने पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उनके विदेश जाने वाले रास्तों में आने वाली प्रशिक्षण संबंधी बाधाएं दूर हो सकेंगी।
सुरक्षा मानक की जानकारी
केंद्र में प्रशिक्षण हासिल करने वाले युवाओं के विदेशी सुरक्षा मानकों का भी प्रशिक्षण विशेषज्ञों की ओर से दिया जाएगा। इससे वहां पर काम करने के दौरान वे वे अपनी सुरक्षा तो कर ही सकेंगे इसके साथ ही वे वहां की कंपनियों में साक्षात्कार के दौरान बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र में कानपुर रीजन के युवा प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे।
