फायरिंग से दहला उठा गोंडा का वीआईपी जोन : डीएम आवास के सामने AAP नेता के बेटे को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

आरोपी को हिरासत में लेकर जांच में जुटी पुलिस

गोंडा, अमृत विचार। शुक्रवार की देर शाम शहर के सबसे वीआॉईपी जोन कहे जाने वाले डीएम आवास के सामने गोली चलने से हड़कंप मच गया। आम आदमी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष को बेटे को देर शाम गोली मार दी गयी। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल एससीपीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने लखनऊ रेफर कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के रानीपुरवा अफीम कोठी निवासी डा आरके सिंह आम आदमी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष हैं। उनके बेटे सुजीत कुमार सिंह (38) शुक्रवार देर शाम घर से सामान लेने के लिए कार से निकले थे। गोंडा-लखनऊ हाईवे पर स्थित डीएम आवास के पास डाकघर के सामने उन्होंने अपनी कार रोकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से मौजूद एक युवक से उनकी डाकघर के अंदर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बहस के दौरान किसी को यह कहते सुना गया कि गाली मत दो, बंदूक हटा लो।

इसी बीच अचानक गोली चल गई और सुजीत कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत एससीपीएम अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोली चलाने वाला युवक नशे की हालत में लग रहा था। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और गोली चलाने की असली वजह क्या रही, यह अभी साफ नहीं हो सका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार