PSL छोड़कर IPL शामिल हुए जिम्बाब्वे का तेज गेंदबाज, इस्लामाबाद यूनाइटेड को कहा अलविदा, जानें बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर अब कहां
कोलकाताः जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का अनुबंध मिल गया है और वह अब पीएसएल 2026 में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए नहीं खेलेंगे। मुजारबानी ने इस बारे में यूनाइटेड को जानकारी दे दी है।
पिछले साल दिसंबर में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने केकेआर को मुस्तफिज़ुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा था, जिन्हें उन्होंने नीलामी में 9.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। केकेआर ने मुजारबानी को अपने साथ जोड़ने की घोषणा कर दी है। वहीं मुस्तफिज़ुर को लाहौर कलंदर्स ने 26 मार्च से शुरू हो रहे आगामी पीसीएल सीजन के लिए अपने साथ जोड़ लिया है। मुजारबानी मुल्तान सुल्तांस के लिए खेलते हुए पीएसएल का खिताब जीत चुके हैं लेकिन 11 फरवरी को हुई पीएसएल के लिए नीलामी के दौरान उन्हें खरीदार नहीं मिला था।
हालांकि बाद में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ को रिलीज किए जाने के बाद यूनाइटेड ने डायरेक्ट साइनिंग के रूप में मुजारबानी को अपने साथ जोड़ लिया था। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश को पेशावर जल्मी ने डायमंड पिक के तौर पर शामिल किया था लेकिन बाद में उन्हें मुंबई इंडियंस ने इंजरी रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने साथ जोड़ लिया था। इसके बाद पीएसएल उनके ऊपर इस लीग में खेलने पर एक साल का प्रतिबंध भी लगा दिया था।
