बाराबंकी : बालिका का अपहरण, परिजनों को मोबाइल पर धमकी, जानें क्या है पूरा मामला
हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। शुक्रवार शाम घर के बाहर खेलते समय बालिका के गायब होने के मामले ने शनिवार को गंभीर रूप ले लिया। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद शनिवार को परिजनों को मोबाइल से दो बार काल कर धमकी दी गई और एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया गया। हालांकि अभी तक फिरौती की बात सामने नहीं आई है। एसपी के निर्देश पर पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।
जानकारी के अनुसार कोतवाली हैदरगढ़ के लिल्हौरा वार्ड से एक किशोरी को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारी में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर ली।
परिजन बालिका की तलाश में परेशान ही थे कि शनिवार को दोपहर करीब ढाई बजे घर के मोबाइल नंबर पर अंजान नंबर काल आई, काल करने वाले ने धमकाया कि एफआईआर वापस लो वरना परिणाम गंभीर होंगे। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई। शाम करीब 4 बजे फिर काल आई और धमकी दोहराई गई।
हालांकि अभी तक फिरौती जैसी कोई मांग नहीं हुई है। इससे परिजनों की परेशानी और बढ़ गई है। पुलिस ने नंबर की जांच की तो उसकी लोकेशन सऊदी अरब निकली। जिससे पुलिस भी असमंजस में पड़ गई। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा। वहीं इस मामले की जांच और गायब बालिका का पता लगाने के लिए स्वाट, सर्विलांस व स्थानीय कोतवाली पुलिस मिलाकर टीम गठित की गई है।
टीम ने अपनी जांच शुरु कर दी है। कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि बालिका की तलाश के लिए 6 सदस्यीय टीम गठित की गई है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है। जल्द ही बालिका का पता लगा लिया जाएगा।
