जौनपुर : मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र का ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने किया औचक निरीक्षण, जानिए क्यों जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने शनिवार को मिर्जापुर से सुलतानपुर जाते समय जौनपुर जिले के मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपकेंद्र की विद्युत व्यवस्था, फीडरों की स्थिति और बिजली आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने उपकेंद्र के अभिलेखों का अवलोकन किया और संचालन व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान लॉग शीट भरने में अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कर्मचारियों को कार्य में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जूनियर इंजीनियर के अनुपस्थित पाए जाने पर मंत्री ने इस पर भी कड़ी नाराजगी जताई। 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्युत उपकेंद्रों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करें, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

संबंधित समाचार