Bareilly : दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछा, यूपी पुलिस का सबसे बड़ा अधिकारी कौन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। कड़ी पुलिस सुरक्षा में शहर के 19 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में दरोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इसमें सामान्य ज्ञान के सवाल सरल आए। गणित के सवालों ने अभ्यर्थियों को उलझाया। दाेनों पालियों में 4152 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, अभ्यर्थी सरल पेपर देखकर खुश नजर आए। परीक्षा केंद्र से बाहर वह मुस्कुराते हुए निकले।

पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा सुबह 10 बजे से पहले पाली में कड़ी निगरानी में शुरू हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर तीन चरणों में सख्त चेकिंग की गई। गेट पर घुसते ही जूते-मोजे भी उतरवा दिए गए। इसके बाद बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया। जिले में सबसे बड़ा केंद्र बरेली कॉलेज रहा। जहां 5 केंद्र निर्धारित किए गए, इसके अलावा जीजीआईसी, जीआईसी, इस्लामिया इंटर कॉलेज सहित अन्य जगहों पर भी परीक्षा आयोजित की गई, दूसरी पाली 3 बजे से शाम 5 बजे तक रही। परीक्षा देकर बाहर आए अभ्यर्थियों ने कहा कि दरोगा भर्ती परीक्षा में सवाल पूछा गया कि यूपी पुलिस का सबसे बड़ा अधिकारी कौन है। लोकसभा का कार्यकाल कितना होता है। जनरल नॉलेज के आसान सवाल देखकर अभ्यर्थी काफी खुश नजर आए, हालांकि गणित के सवालों से अभ्यर्थी को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, आज भी दो पालियों में परीक्षा
परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की तरफ से काफी सतर्कता बरती गई। परीक्षा केद्रों के अलावा शहर में काफी जगह पर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था। परीक्षा के लिए बनाए गए मजिस्ट्रेट भी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी परीक्षा की निगरानी करते रहे। शहर में कहीं भी किसी तरीके की नकल से संबंधित कोई मामला सामने नहीं आया। शहर में रविवार को भी दो पालियों में

दरोगा भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
4 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षापुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा की पहली पाली में 8160 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन उसमें से 6047 अभ्यर्थी शामिल हुए। ऐसे में पहली पाली में 2113 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक हुई दूसरी पाली में 8160 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन उसमें से 6121 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। दूसरी पाली में कुल 2039 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

अभ्यर्थियों की बातचीत
कासगंज के मोनिस खान ने बताया कि पेपर बहुत आसान आया। समय पर आसानी से पेपर पूरा हो गया। सरल सवाल होने से मेरिट ऊपर जाने की उम्मीद है। संभल के विनोद के मुताबिक जनरल नॉलेज के सवाल काफी आसान आए, लेकिन गणित ने काफी उलझा दिया। उसके बाद भी पेपर सामान्य रहा। मुरादाबाद के संजीव ने बताया कि पेपर सामान्य रहा। समय से पहले ही हल कर दिया। पेपर से पहले घबराहट थी, लेकिन पेपर देखकर दूर हो गई। अमरोहा के चंदन सिंह के मुताबिक पेपर काफी सरल और आसान रहा, जिससे दो घंटे से पहले ही पेपर कर दिया। पेपर में सरल सवाल पूछे गए थे।


संबंधित समाचार