UP दरोगा भर्ती परीक्षा के विवादित प्रश्न पर उच्च शिक्षा मंत्री ने जताया ऐतराज, बताया बेहद आपत्तिजनक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे बेहद आपत्तिजनक बताया है।

इस बाबत रविवार को एक बयान जारी कर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि परीक्षा में पूछे गए प्रश्न "अवसर के अनुसार बदलने वाला" के लिए दिए गए विकल्पों में 'पंडित' शब्द को शामिल करना न तो उचित है और न ही इसका प्रश्न से कोई तालमेल है। ऐसा कृत्य किसी मानसिक विकृति से ग्रसित पेपर सेटर द्वारा जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है, जिसका उद्देश्य समाज में समरसता को बिगाड़ना है। 

मंत्री ने कहा कि इस तरह की हरकतें न केवल सामाजिक समरसता को प्रभावित करती हैं, बल्कि समाज के एक वर्ग की भावनाओं को भी आहत करती हैं। किसी भी जाति, वर्ग या परंपरा के प्रतीक शब्दों का अपमानजनक संदर्भ में उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पेपर सेटिंग की प्रक्रिया अत्यंत गोपनीय होती है, इसलिए ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित करना कठिन नहीं होना चाहिए। 

दोषी पेपर सेटर की पहचान कर उसके खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी समाज या वर्ग के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करने से पहले सौ बार सोचे। योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि हाल ही में एक फिल्म के नाम को लेकर भी इसी तरह की आपत्तिजनक स्थिति सामने आई थी। ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होना जरूरी है। 

संबंधित समाचार