BBD A Division Cricket League: यूपी टिंबर और आरईपीएल क्रूसेडर्स को मिली शानदार जीत
लखनऊ, अमृत विचार : 21वीं बाबू बनारसी दास ए डिवीजन क्रिकेट लीग में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब और आरईपीएल क्रूसेडर्स क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच जीतकर पूरे अंक हासिल किए। यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब ने एलडीए क्रिकेट क्लब को छह विकेट से हराया, जबकि आरईपीएल क्रूसेडर्स ने ध्रुव क्रिकेट एकेडमी को 94 रनों से पराजित किया।
स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरईपीएल क्रूसेडर्स क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 40 ओवर में छह विकेट पर 300 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से यशस्वी मिश्रा ने 69 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 75 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं शाश्वत पाण्डेय ने सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ध्रुव क्रिकेट एकेडमी की टीम 39.4 ओवर में 206 रनों पर सिमट गई। आरईपीएल क्रूसेडर्स की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए शाश्वत पाण्डेय ने पांच विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विश्वजीत की आतिशी पारी से यूपी टिंबर की जीत
स्पोर्ट्स गैलेक्सी ए ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में एलडीए क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में नौ विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की ओर से आदित्य पाण्डेय ने 51 रनों का योगदान दिया। यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब की ओर से प्रियांशु श्रीवास्तव ने चार और विश्वजीत मिश्रा ने तीन विकेट हासिल किए।
जवाब में यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब ने 21.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में मैन ऑफ द मैच विश्वजीत मिश्रा ने 41 गेंदों में 12 चौके और चार छक्कों की मदद से 81 रनों की तूफानी पारी खेली।
