हिंदू नववर्ष पर RSS का विशेष कार्यक्रम: लखनऊ में 19 मार्च को सजेगा भव्य मंच, 100 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित
लखनऊ। हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन एवं राष्ट्रीय पर्व एवं उत्सव समिति द्वारा 19 मार्च को लखनऊ में एक भव्य, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मंगलवार को समिति के संयोजक ललित श्रीवास्तव ने जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक गौरव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। यह कार्यक्रम शाम 5:30 बजे गोमती नगर स्थित 1090 चौराहे के निकट आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से संघ की 100 वर्ष की ऐतिहासिक यात्रा को समर्पित रहेगा, जिसमें संगठन के शताब्दी वर्ष के सेवा कार्य, संस्कार और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
साथ ही "पंच परिवर्तन" आधारित संकल्प कार्यक्रम भी मुख्य आकर्षण रहेगा। मीडिया प्रभारी शिवांक रमन भदौरिया ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए "निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता-2026" का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें जूनियर (कक्षा 6-8) और सीनियर (कक्षा 9-12) वर्ग शामिल होंगे।
प्रतियोगिता के विषय "कुटुंब प्रबोधन" और "पर्यावरण संरक्षण" रखे गए हैं। विजेताओं को 19 मार्च को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के अन्य आकर्षणों में नव संवत्सर पंचांग का अनावरण, भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, "संघ शताब्दी वर्ष" विषय पर प्रदर्शनी, "भारत गौरव" सेल्फी प्वाइंट और मुंबई से आए सुप्रसिद्ध गायक सुरेश जी द्वारा भजन संध्या शामिल है।
इस मौके पर स्वामी विवेकानंद साप्ताहिक मिलन प्रमुख ऋषि जैन ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से समाज को "पंच परिवर्तन" के पांच संकल्पों सामाजिक समरसता, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और स्वदेशी जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
