प्रयागराज : मकान विवाद में दो पक्षों में पथराव, थानाध्यक्ष समेत दो पुलिसकर्मी घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। प्रयागराज के शाहगंज इलाके में सोमवार शाम मकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर जमकर बवाल हो गया। गाली-गलौज और मारपीट के बाद दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे थानाध्यक्ष कपिल कुमार समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। 

पुलिस के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब सात बजे की है। बताया गया कि शाहगंज क्षेत्र में एक मकान को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मकान के तीन हिस्से एक व्यापारी ने खरीद लिए थे, जबकि एक हिस्से में रहने वाले लोग अपना हिस्सा बेचने को तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में काफी समय से तनाव बना हुआ था।

सूत्रों ने बताया कि हाल ही में एक पक्ष ने मकान के जर्जर होने की शिकायत नगर निगम से की थी। इसी शिकायत के आधार पर सोमवार शाम नगर निगम की टीम मकान गिराने के लिए मौके पर पहुंची। इस दौरान मकान के तीन हिस्से खरीदने वाले व्यापारी का बेटा भी अपने साथियों के साथ मौके पर मौजूद था। 

नगर निगम की कार्रवाई का मकान के एक हिस्से में रहने वाले लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद दोनों ओर से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। 

सूचना पर पहुंचे कपिल कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान हुए पथराव में थानाध्यक्ष के सिर में चोट लग गई। उनके साथ मौजूद एक दीवान के हाथ में भी चोट आई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया गया। 

पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मकान विवाद के चलते दोनों पक्षों में झड़प हुई थी, जिसमें थानाध्यक्ष और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उन्होंने कहा कि मामले में चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।   

संबंधित समाचार