गैस की वेंटिंग बढ़ा रही उपभोक्ताओं की समस्या: बुकिंग के एक हफ्ते बाद मिल रहा सिलेंडर, लग रही लंबी लाइन
लखनऊ, अमृत विचार : गैस सिलेंडर की वेटिंग उपभोक्ताओं की समस्या बढ़ा रही है। त्योहार सिर पर है वहीं उपभोक्ता एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। ईद के त्योहार के कारण सिलेंडर के लिए लोग लगातार बुकिंग करा रहे हैं। वहीं गैस एजेंसियां की ओर से बुकिंग के एक हफ्ते बाद ही उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है। सिलेंडर की बढ़ती मांग के कारण गैस एजेंसियों और गोदामों पर गैस लेने के लिए लंबी लाइन लग रही हैं। मंगलवार को भी सदर स्थित इंडेन की अरुणोदय गैस में सिलेंडर लेने और बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। एजेंसी की ओर से उपभोक्ताओं को इंडेन ऑयल वन ऐप पर बुकिंग कराने की जानकारी दी जा रही है।
बुकिंग नहीं हो रही तो करा रहे केवाईसी
गैस एजेंसियों पर ऐसे उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही है जिनकी बुकिंग नहीं हो पा रही है। इसके अलावा कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनकी बुकिंग तो हो गई लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी के लिए उनके मोबाइल पर डीएसी नंबर नहीं आया है। इसके लिए उपभोक्ता गैस एजेंसियों में सिलेंडर लेने के लिए खुद पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसियों पर ऐसे उपभोक्ताओं की केवाईसी कराई जा रही है।
बुकिंग कराने की मारामारी में सर्वर डाउन
गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं में मारामारी है। दरअसल उनके कोटे के 12 सिलेंडर अभी पूरे नहीं हुए हैं और 31 मार्च अंतिम तिथि है। इसलिए अधिकांश उपभोक्ता अपने कोटे का बचा सिलेंडर पाने के लिए बुकिंग करा रहे हैं। इससे गैस कंपनियों का बुकिंग सर्वर डाउन हो गया है। कई बार लगातार मिलाने के बाद बुकिंग हो पा रही है। इसके साथ ही गैस एजेंसियों में सिलेंडर की वेटिंग लंबी हो गई है।
