रहीमाबाद में हेपेटाइटिस-बी का बढ़ता खतरा: चार और ग्रामीणों के सैंपल लिए, परिवारजनों को भी जांच के लिए बुलाया

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : रहीमाबाद क्षेत्र के ग्रामीणों में हेपेटाइटिस-बी संक्रमण की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। अलग-अलग अस्पतालों की जांच रिपोर्टों में विरोधाभास सामने आने के बाद अब मामले की गहन जांच की जा रही है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने चार और ग्रामीणों के खून के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए केजीएमयू भेजा जाएगा।

24 फरवरी को रहीमाबाद के चार गांवों के 19 लोगों नेरक्तदान किया था। इसके बाद संक्रमण की जांच में पहले बलरामपुर अस्पताल में तीन लोगों में हेपेटाइटिस-बी की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी नमूनों की जांच लोहिया संस्थान में कराई गई, जहां सभी 19 नमूनों में संक्रमण मिलने की बात सामने आई, जिससे हड़कंप मच गया।

स्थिति स्पष्ट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा जांच कराई, जिसमें 14 लोगों के नमूने लिए गए। केजीएमयू के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की जांच में केवल एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि बाकी 13 की रिपोर्ट नेगेटिव आई।

रिपोर्टों में लगातार अंतर आने के बाद चौथी बार केजीएमयू के ब्लड एंड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग में नैट तकनीक से जांच कराई गई। इस बार 14 नमूनों में से चार में हेपेटाइटिस-बी संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि नौ लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। एक नमूना जांच के योग्य नहीं पाया गया।

मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने चार और ग्रामीणों के नमूने एकत्र किए हैं। दो ग्रामीण शहर से बाहर होने के कारण सैंपल नहीं दे सके। इन नमूनों को बुधवार को केजीएमयू भेजा जाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमित पाए गए लोगों के परिवारीजनों की भी जांच कराने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने फोन और पत्र के माध्यम से परिजनों को रक्त जांच के लिए बुलाया है। विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में सभी संबंधित लोगों के नमूने एकत्र कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज