लघु सिंचाई विभाग में 402 पदों पर पीईटी पास को मौका, 15 अप्रैल से आवेदन शुरू
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के लघु सिंचाई विभाग में 402 सहायक बोरिंग तकनीशियन पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी और अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा कराई जाने वाली इस भर्ती में चयन प्रक्रिया पीईटी-2025 के स्कोर के आधार पर होगी। पीईटी में शून्य या नकारात्मक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे। आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म सबमिट करने की अंतिम तिथि 5 मई निर्धारित की गई है। सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है।
इन पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 19,900 से 63,200 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
