Bareilly: बरेली कॉलेज में शोधपीठ स्थापना को 5 करोड़ मंजूर
बरेली, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देने के तहत प्रदेश के चयनित संस्थानों में बरेली कॉलेज को भी शामिल किया गया है। इस योजना के अंतर्गत कॉलेज में भारतीय ज्ञान परंपरा संवर्द्धन शोधपीठ की स्थापना के लिए कुल 5 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। यह राशि चरणबद्ध तरीके से कॉलेज प्रशासन को दी जाएगी। इसकी शुरुआत 2026-27 के सत्र से होगी।
उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश के ऐसे विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों का चयन किया गया है, जिन्होंने 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसके साथ ही छात्र संख्या 7500 से अधिक है। इस योजना के तहत कुल 55 करोड़ रुपये खर्च कर शोधपीठ स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा, आधारभूत संरचना विकास योजना के तहत भी बरेली कॉलेज का चयन हुआ है। इसके अंतर्गत कॉलेज में विभिन्न विकास कार्यों और जीर्णोद्धार के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।
उधर, बरेली कॉलेज में नैक मूल्यांकन को लेकर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। कॉलेज के सभी 34 विभागों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि नैक मूल्यांकन में इस बार बरेली कॉलेज बेहतर प्रदर्शन करेगा। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि शासन से विभिन्न मदों में धनराशि की मांग की गई थी, जिसमें शोधपीठ के लिए बजट स्वीकृत होने की जानकारी मिली है। शासन के निर्देशों के अनुसार कार्य करते हुए शोधपीठ की स्थापना की जाएगी और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
