Moradabad: आईएसआईएस से जुड़े छात्र के दोस्तों, रिश्तेदारों से भी पूछताछ

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से जुड़े बीडीएस छात्र की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है। सोमवार को मुरादाबाद स्थित उसकी यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार किए गए छात्र हारिश अली से पूछताछ के बाद अब एटीएस उसकी गतिविधियों, संपर्कों और संभावित नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

एटीएस की टीम फिलहाल मुरादाबाद में ही डेरा डाले है और आरोपी के नजदीकी दोस्तों,रिश्तेदारों व परिचितों से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी को आरोपी के मोबाइल फोन और लैपटॉप से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन डिवाइसों से प्राप्त डाटा के आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया संपर्कों की जांच की जा रही है। आरोपी छात्र ने अपने संपर्क में कुछ अन्य युवाओं को भी जोड़ा था। एटीएस अब इन युवाओं की पहचान कर उनकी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।

इसी कड़ी में विद्यालय परिसर में उसके साथ रहने वाले साथियों और करीबी मित्रों से भी गहन पूछताछ की गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी की विचारधारा और गतिविधियों से कौन-कौन प्रभावित था। जांच का दायरा अब मुरादाबाद तक सीमित नहीं रहा है। एटीएस की टीमें रामपुर और संभल जिलों में भी सक्रिय हो गई हैं, जहां आरोपी के संभावित संबंधों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। इन जिलों में भी उसके परिचितों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाएगी।

एटीएस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी एटीएस के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं। एटीएस द्वारा की जा रही इस व्यापक जांच से आने वाले दिनों में और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

संबंधित समाचार