Moradabaad : ओवर स्पीड वाहनों पर कार्रवाई, लाइसेंस भी होंगे निरस्त

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस हाईवे पर चलाएगी अभियान

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में बढ़ते सड़क हादसों और उनमें हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए अब प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम हाईवे पर अनियंत्रित गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाएगी। इसमें हाईवे पर अनियंत्रित गति से दौड़ते वाहनों को चालानी कार्रवाई में भारी आर्थिक दंड भुगतना पड़ेगा।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संदीप कुमार पंकज ने बताया कि अभियान में संयुक्त रूप से परिवहन विभाग और यातायात का एक विशेष दस्ता हाईवे पर तैनात रहेगा। जो ओवरस्पीड और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर नजर रखेगा। यह टीम आधुनिक उपकरणों की मदद से वाहनों की गति पर नियंत्रण सुनिश्चित करेगी। अभियान के तहत तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के तुरंत चालान काटे जाएंगे। बार-बार नियम तोड़ने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर वाहनों को भी सीज किया जा सकता है। इस कदम का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि हाल ही में मूंढापांडे क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई थी। इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसके बाद हाईवे पर सख्ती बढ़ाने का निर्णय लिया गया। सड़क हादसों में लगातार बढ़ रही मौतों की संख्या को लेकर उच्च स्तर पर भी चिंता जताई गई है। वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

संबंधित समाचार