बाराबंकी : 'खेल से खुशी-स्पोर्ट्स फॉर चेंज' पहल के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, बालिकाओं ने दिखाया उत्साह

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सतरिख मिनी स्टेडियम में 'खेल से खुशी: स्पोर्ट्स फॉर चेंज' पहल के अंतर्गत सीआईआई फाउंडेशन के सहयोग से ताराश्री फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की प्रतिनिधि ईप्शा सिंह और संस्थापक विभा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पहल की जानकारी दी।

ताराश्री फाउंडेशन की फेलोशिप प्रोग्राम की बालिकाओं ने 'अरमान हूं मैं' गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। सीआईआई फाउंडेशन के सीईओ सुनील मिश्रा ने अपने संबोधन में लड़कियों की शिक्षा और खेलों के महत्व पर जोर देते हुए 2036 में भारत में ओलंपिक आयोजन की संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। गणपति एग्रो के निदेशक अतुल कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, खंड विकास अधिकारी प्रीति वर्मा और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी समृद्धि यादव ने खेलों के जरिए सर्वांगीण विकास और बालिकाओं को प्रोत्साहन देने की बात कही। सीआईआई फाउंडेशन की ओर से सर्वानी और युक्ति ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में तारा मेमोरियल टेबल टेनिस चैंपियनशिप आयोजित हुई, जिसमें विजेता और उपविजेता को ट्रॉफी तथा अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। खिलाड़ियों को बैडमिंटन, क्रिकेट और टेबल टेनिस की स्पोर्ट्स किट भी वितरित की गई। अंत में भरत जैन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बीके जैन, डॉ. स्नेह लता, अंकुर माथुर, श्रीकांत, शाशवत, रुमा गोयल, जया, अनीता, सुनीता यादुवंशी, कुसुम सहित लगभग 40 युवा उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार