कानपुर : हाउस टैक्स बकाया पर डीआईओएस कार्यालय सील, 58.62 लाख रुपये बकाया पर नोटिस चस्पा, कामकाज ठप
कानपुर। हाउस टैक्स बकाया होने पर शुक्रवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय को सील कर दिया। कार्यालय के बाहर 58.62 लाख रुपये बकाया होने का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया। दिलचस्प बात यह रही कि नोटिस में संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) कार्यालय का हाउस टैक्स बकाया होने का उल्लेख किया गया है, जबकि सील डीआईओएस कार्यालय को किया गया।
इस कार्रवाई से डीआईओएस कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। सुबह करीब नौ बजे जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो दफ्तर पर लगी सील देखकर हैरान रह गए। इसके बाद डीआईओएस समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी पास ही जीआईसी परिसर में स्थित संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक (जेडी) कार्यालय पहुंचे और वहीं बैठकर काम निपटाना शुरू किया। कार्यालय सील होने के कारण डीआईओएस से जुड़े कई प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो गए।
मामले को लेकर डीआईओएस संतोष कुमार राय ने नगर निगम से फोन पर सील खोलने का अनुरोध किया। जिसके बाद दोपहर में डीआईओएस कार्यालय का सील हटा दी गई। डीआईओएस कार्यालय के वरिष्ठ सहायक अशोक मिश्रा ने बताया कि नगर निगम ने हाउस टैक्स बकाया बताकर कार्यालय सील किया है, जबकि नोटिस में संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय का जिक्र किया गया है।
