UP: फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
संभल, अमृत विचार। जनपद संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अतरपुर और एक मंदिर परिसर के आसपास चल रहे अवैध आधार कार्ड निर्माण व संशोधन के धंधे का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो मुकदमे दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग बिना अधिकृत अनुमति के आधार कार्ड बना रहे हैं और उनमें संशोधन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई और दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान एक स्थान से दो और दूसरे स्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किसी अधिकृत आधार सेवा केंद्र से जुड़े नहीं थे, बल्कि उन्होंने एक अधिकृत सेंटर की आईडी को हैक कर लिया था।
इसी हैक्ड आईडी के माध्यम से ये लोग अज्ञात स्थानों पर बैठकर ऑनलाइन आधार कार्ड बनाने और उनमें बदलाव करने का काम कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लैपटॉप, प्रिंटर, आइरिस स्कैनर, थंब स्कैनर, तीन मोबाइल फोन सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन फर्जी आधार कार्ड और आठ संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कई दस्तावेजों में जन्मतिथि केवल वर्ष के रूप में दर्ज की गई थी, जिससे उनकी सत्यता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरोह के काम करने का तरीका काफी संगठित और शातिराना था। आरोपी तकनीकी जानकारी का दुरुपयोग कर सरकारी पहचान प्रणाली से छेड़छाड़ कर रहे थे। उन्होंने आशंका जताई कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों या राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास, उनके बैंक खातों और अवैध कमाई के स्रोतों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के बाद इस फर्जीवाड़े से जुड़े बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।
चार आरोपी अभी फरार
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बहजोई पुलिस ने जसवीर कुमार निवासी ढयोढ़ाई, हरीश ग्राम मनोना थाना बहजोई व बिल्टू ग्राम नंदपुर थाना जुनावई जनपद संभल को गिरफ्तार किया है। जबकि सुरेन्द्र निवासी डुप्टा खुर्द थाना रजपुरा, ईश्वर मेघवाल,सतपाल गनूपुरा थाना जुनावई,जितेंद्र व ओमेन्द्र यादव ग्राम हुसैनपुर थाना जुनावई अभी फरार हैं जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का काम प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह, एसएसआई नरेंद्र सिंह,महिला दरोगा अर्पणा बंसल की टीम ने किया।
